सजीवों द्वारा अपने समान संतति उत्पन्न करने की प्रक्रिया जनन (Reproduction) कहलाती है। जनन की दो मुख्य विधियाँ हैं:
- 1. लैंगिक जनन (Sexual Reproduction): वह जनन जिसमें नर और मादा युग्मकों (Gametes) का संलयन होता है। इसमें दो जनक (नर व मादा) भाग लेते हैं; जैसे—मनुष्य, गाय, कुत्ता, मुर्गी, मेंढक।
- 2. अलैंगिक जनन (Asexual Reproduction): वह जनन जिसमें केवल एक ही जनक बिना युग्मकों के नई संतति उत्पन्न करता है; जैसे—अमीबा, हाइड्रा, यीस्ट।
मानव जनन अंग (Human Reproductive Organs):
नर जनन अंग (Male Organs)
- एक जोड़ा वृषण (Testes): नर युग्मक शुक्राणु (Sperms) और टेस्टोस्टेरोन हार्मोन उत्पन्न करते हैं।
- दो शुक्राणु नलिकाएँ (Sperm Ducts): शुक्राणुओं को वृषण से शिश्न तक ले जाती हैं।
- एक शिश्न (Penis): शुक्राणुओं को मादा शरीर में पहुँचाता है।
- शुक्राणु संरचना: यह एक एकल कोशिका है जिसके 3 भाग होते हैं—सिर, मध्य भाग और लंबी पूंछ (जो तैरने में गति प्रदान करती है)।
मादा जनन अंग (Female Organs)
- एक जोड़ा अंडाशय (Ovaries): मादा युग्मक अंडाणु (Ova / Egg) और एस्ट्रोजन हार्मोन बनाते हैं। प्रतिमाह एक परिपक्व अंडाणु निकलता है।
- अंडवाहिनी / फैलोपियन ट्यूब (Oviduct): जहाँ अंडाणु और शुक्राणु का निषेचन होता है।
- गर्भाशय (Uterus): वह थैलीनुमा पेशीय अंग जहाँ निषेचित भ्रूण रोपित होकर 9 माह तक विकसित होता है।