हमारी पृथ्वी चारों ओर से वायु की एक विशाल चादर से घिरी हुई है जिसे वायुमंडल कहते हैं। वायु अनेक गैसों का मिश्रण है:
- नाइट्रोजन (78%): वायु में सर्वाधिक मात्रा में पाई जाने वाली गैस है। यह पौधों के जीवित रहने के लिए आवश्यक है। पौधे सीधे वायु से नाइट्रोजन नहीं ले सकते; मृदा और कुछ पौधों (दलहनों) की जड़ों में रहने वाले जीवाणु वायु से नाइट्रोजन लेकर उसका रूप बदलते हैं जिससे पौधे उसका उपयोग कर सकें।
- ऑक्सीजन (21%): प्रचुरता में मिलने वाली दूसरी गैस है। मनुष्य तथा जीव-जंतु सांस लेने के लिए इसका उपयोग करते हैं। हरे पौधे प्रकाश संश्लेषण (Photosynthesis) द्वारा ऑक्सीजन उत्पन्न करते हैं, जिससे इसका संतुलन बना रहता है।
- कार्बन डाइऑक्साइड (0.03%): हरे पादप अपने भोजन के निर्माण के लिए इसका उपयोग करते हैं और ऑक्सीजन वापस छोड़ते हैं।